

कोरबा। छत्तीसगढ़ के जननेता बिसाहू दास महंत की 102वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को घंटाघर स्थित स्मृति उद्यान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि बिसाहू दास महंत का योगदान छत्तीसगढ़ की पहचान और विकास में अतुलनीय है। उन्होंने उन्हें सादगी, सेवा और उच्च विचारों का प्रतीक बताया। साथ ही कहा कि वे चार बार मध्य प्रदेश में कैबिनेट मंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बिसाहू दास महंत दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने पृथक छत्तीसगढ़ राज्य और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के विकास का सपना देखा था। उन्होंने कहा कि उनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर ने कहा कि महंत जी के मानवीय मूल्यों और जनसेवा की भावना को सहेजना आवश्यक है। वहीं, पूर्व विधायक मोहित केरकेट्टा ने उनके सिद्धांतों और अनुशासन को आज भी प्रासंगिक बताया।कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा कि बिसाहू दास महंत ने अपनी बुद्धिमत्ता और नेतृत्व क्षमता का उपयोग हमेशा समाज के कमजोर वर्गों की सेवा के लिए किया।कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने महंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कई वरिष्ठ नेता और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
