
कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के गोपालपुर मुख्य रोड पर रात मामूली जमीन विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दो गज जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिसमें लाठी-डंडे चले और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच कई दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और सड़क पर ही एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान महिला और पुरुष दोनों मारपीट में शामिल नजर आए।
घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया। इस मारपीट में दो लोगों को चोटें आई हैं।
पूरी घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लाठी-डंडे बरसाते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही।
हैरानी की बात यह है कि दोनों पक्षों ने अब तक थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों पक्ष आपसी समझौते से मामला सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इलाके में अब भी तनाव बना हुआ है
