
नई दिल्ली: इंटरनेट पर इन दिनों सभी की जुबान पर एक ही नाम है कॉकरोच जनता पार्टी। ‘कॉक्रोच जनता पार्टी’ ने सोशल मीडिया पर रिकॉर्ड ही तोड़ दिए। इस कथित पार्टी ने इंस्टाग्राम पर दो ही दिन में बीजेपी और कांग्रेस को भी पीछे छोड़ दिया। वहीं सीजेपी के एक्स हैंडल को भारत में बैन कर दिया गया। इसके बाद भी अन्य देशों में हैंडल ऐक्टिव है। इस प्लैटफॉर्म को शुरू करने वाले अभिजीत दीपके ने कहा है कि अब अपना पहला वादा पूरा करने का समय आ गया है। उन्होंने पत्रकारों और आम जनता से अपील की है कि सबसे पहले जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करना होगा। उन्होंने कहा, हमें अपनी समस्याएं, सुझाव, दस्तावेज, फोटो, वीडियो, जगहें, विभागों के नाम और भ्रष्टाचारा में लिप्त अधिकारियों के नाम भेजें। बता दें कि इंस्टाग्राम पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के फॉलोअर 1 करोड़ 90 लाख से भी ज्यादा हो गए हैं। वहीं बीजेपी के फॉलोअर्स की संख्या 1 करोड़ से भी कम है। कॉकरोच जनता पार्टी ने भारतीय राजनीतिक व्यवस्था की विफलता का दावा करते हुए कहा था कि यहां युवाओं की अनदेखी हो रही है। पार्टी ने अपने तीन लक्ष्य बताए हैं। पहला लक्ष्य राजनीतिक विमर्श में बदलाव करना बताया गया है। सीजेपी ने कहा है कि कई वर्षों से भारत की राजनीति हिंदू-मुस्लिम जैसे ध्रुवीकरण के मुद्दों पर टिटकी रहती है। ऐसे में असल मुद्दों जैसे कि रोजगार, एसआई शिक्षा, उद्योग और स्वच्छ ऊर्जा की ओर राजनीति की धारा शिफ्ट करनी है। दूसरा लक्ष्य व्यवस्था की जवाबदेही तय करना बताया गया है। इसके मुताबिक अगर युवाओं को लगता है कि सिस्टम उनपर ध्यान नहीं दे रहा है तो वह सिस्टम से जवाब मांग सकता है। तीसरा उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओँ की स्वतंत्रता को बताया गया है। सीजेपी ने कहा कि भारत में न्यायपालिका, चुनाव आयोग और अन्य संस्थाओं की स्वतंत्रता बहुत ही आवश्यक है। पार्टी ने अपना एक पांच सूत्रीय घोषणापत्र भी जारी किया है। इसमें कहा गया है कि किसी भी मुख्य न्यायाधीश को रिटायरमेंट के बाद इनाम के तौर पर कोई सरकारी पद या फिर राज्यसभा की सीट ना दी जाए। दूसरी बात जायज वोटों को काटने पर चुनाव आयुक्तों को यूएपीए के तहत गिरफ्तार किया जाए। तीसरा महिलाओं को कैबिनेट और संसद में 33 फीसदी नहीं बल्कि 50 फीसदी आरक्षण दिया जाए। चौथा पाला बदलने वाले सांसदों और विधायकों पर 20 साल का चुनावी प्रतिबंध लगाया जाए। पांचवां प्रभावशाली उद्योगपतियों के स्वामित्व वाले मीडिया संस्थानों का लाइसेंस रद्द कर दिया जाए। जानकारी के मुताबिक कॉक्रोच जनता पार्टी के नाम से युवाओं को लिंक भेजा जा रहा है। लिंक क्लिक करते है खाते से पैसे कट जा रहे हैं। युवाओं को ऐसे लिंक से सावधान रहने की जरुरत है। कॉकरोच जनता पार्टी को बीजेपी नेता ने बताया पाकिस्तान जनता पार्टी पिछले सप्ताह अस्तित्व में आई और सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर के साथ खबरों में छा गई ‘ कॉकरोच जनता पार्टी ’ को बीजेपी ने ‘पाकिस्तान जनता पार्टी’ करार दिया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव तेजिंदर बग्गा ने कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ असल में ‘पाकिस्तान जनता पार्टी’ है, क्योंकि इंस्टाग्राम पर इसके ज्यादातर फॉलोवर पाकिस्तान से हैं। तेजिंदर बग्गा ने X पर एक ग्राफिक शेयर किया है जिसमें दिखाया गया है कि कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोवर्स में 49% पाकिस्तान से हैं। हालांकि तेजिंदर बग्गा ने यह डेटा कहां से लिया है, इसका जिक्र नहीं किया है लेकिन ग्राफिक के मुताबिक पाकिस्तान के बाद अमेरिका में रहने वाले लोग कॉकरोच जनता पार्टी के दूसरे बड़े फॉलोवर्स हैं। अमेरिका और बांग्लादेश के 14-14 फीसदी फॉलोवर्स हैं, जबकि भारत, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब के क्रमशः 9 और 3-3-3 फीसदी फॉलोवर्स हैं। इंस्टाग्राम पर किस राजनीतिक पार्टी के कितने फॉलोअर्स भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस – 13.3M भारतीय जनता पार्टी – 8.7M आम आदमी पार्टी- 1.9M समाजवादी पार्टी – 870K तृणमूल कांग्रेस – 537K जनता दल यूनाइटेड – 416K

