Home / बिलासपुर / शादी समारोह में पैसे मांगने पर विवाद, युवक का कान दांत से काटकर अलग किया, आरोपी गिरफ्तार

शादी समारोह में पैसे मांगने पर विवाद, युवक का कान दांत से काटकर अलग किया, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। शादी समारोह में शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक का कान दांत से काटकर अलग करने के मामले में मल्हार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रार्थी मनिकेश पाटले (26 वर्ष) निवासी धनगवां, मल्हार ने चौकी मल्हार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जून 2026 को वह भारत पाटले के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान ग्राम किसान परसदा निवासी मोहित कुर्रे (43 वर्ष) ने उससे शराब पीने के लिए पैसे की मांग की।

प्रार्थी द्वारा पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद बढ़ने पर मारपीट करने लगा। आरोप है कि मारपीट के दौरान मोहित कुर्रे ने मनिकेश के कान को दांत से काटकर अलग कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद पीड़ित ने अपने परिजनों को जानकारी दी और अगले दिन चौकी मल्हार पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की।

मल्हार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित कुर्रे को ग्राम धनगवां क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *