Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

कोरबा में हथियारबंद युवकों का हमला:पुरानी रंजिश में घर में घुसकर मारपीट, युवती समेत कई घायल, CCTV फुटेज से पहचान जारी

कोरबा के सीएसईबी क्षेत्र की पंप हाउस कॉलोनी में शुक्रवार रात पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। 15 ब्लॉक और पंप हाउस कॉलोनी के दो गुटों के बीच हुए विवाद में 50 से अधिक युवक लाठी-डंडों और हथियारों के साथ कॉलोनी में घुस गए।

हमले में एक युवती समेत कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, दोनों गुटों के बीच विवाद कुछ समय पहले स्कूल के पास शुरू हुआ था।

50 से 60 की संख्या में आए युवकों ने अचानक हमला कर दिया।

पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह

आरोप है कि कुछ युवकों ने लड़कियों से छेड़छाड़ की थी, जिसका विरोध करने पर मारपीट हुई थी। इसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था।

रंजिश के चलते दोनों पक्षों में पहले भी झड़पें हो चुकी थीं।

50 से ज्यादा युवकों ने घर में घुसकर की मारपीट

शुक्रवार रात 15 ब्लॉक की ओर से बड़ी संख्या में युवक पंप हाउस कॉलोनी पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सभी युवक हथियारों से लैस थे। उन्होंने हरीश राव के घर पर धावा बोल दिया और घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला किया गया।

युवती समेत कई लोग घायल

घायल हरीश राव ने बताया कि 50 से 60 युवकों ने अचानक हमला कर दिया। जान बचाने की कोशिश के बावजूद हमलावरों ने उन्हें घेरकर पीटा। घटना में घर में मौजूद एक महिला, एक युवती और एक अन्य युवक भी घायल हुए हैं।

सीसीटीवी फुटेज में युवकों को गाड़ियों पर हमला करते और उत्पात मचाते हुए देखा जा सकता है।

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में हमलावरों को कॉलोनी में उत्पात मचाते और गाड़ियों में तोड़फोड़ करते देखा गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को अस्पताल भेजा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!