Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

सरस्वती साइकिल योजना से सिमगा की 44 बेटियों को मिली शिक्षा की नई राह

साइकिल की घंटियों से गूंजा सिमगा, चेहरे पर दिखी खुशियों की चमक; जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने छात्राओं को किया साइकिल वितरण
कोरबाजिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में 21 अगस्त 2026 को सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं के लिए विशेष साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री सतीश प्रकाश सिंह ने कक्षा नवमीं में अध्ययनरत 44 बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल प्रदान की।
साइकिल मिलते ही छात्राओं के चेहरों पर खुशी की चमक साफ दिखाई दी। लंबे समय से स्कूल आने-जाने में होने वाली दूरी और पैदल सफर की परेशानी अब साइकिल मिलने से आसान होने की उम्मीद ने बालिकाओं में नया उत्साह भर दिया। कार्यक्रम के समापन पर छात्राएं अपनी-अपनी साइकिल लेकर घंटियां बजाते हुए खुशी-खुशी घर की ओर रवाना हुईं।

शिक्षा की राह आसान बनाने वाली योजना : डॉ. पवन सिंह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने छात्राओं को साइकिल प्रदान करते हुए शासन की सरस्वती साइकिल योजना को बालिका शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए बेटियां अपने परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकती हैं। साइकिल मिलने से दूरस्थ क्षेत्र की छात्राओं को विद्यालय तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और उनका समय भी बचेगा।
दूरस्थ वनांचल की बेटियों के लिए बनी सुविधा का मजबूत माध्यम
विद्यालय के प्राचार्य श्री सतीश प्रकाश सिंह ने सरस्वती साइकिल योजना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शासन द्वारा कक्षा नवमीं में प्रवेश लेने वाली बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराने का उद्देश्य उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना और विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को कम करना है।
उन्होंने कहा कि सिमगा जैसे दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में अनेक छात्राओं को रोजाना लंबी दूरी तय कर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। ऐसे में साइकिल उनके लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा को निरंतर जारी रखने में सहायक महत्वपूर्ण सुविधा है। इससे छात्राएं समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगी और उनकी पढ़ाई प्रभावित होने की संभावना भी कम होगी।
साइकिल पाकर खिले छात्राओं के चेहरे
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह एवं उपस्थित अतिथियों ने सभी छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। अपनी नई साइकिलों के साथ छात्राओं ने खुशी जाहिर की और विद्यालय परिसर से अपने घरों की ओर रवाना हुईं।
जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्री भारत सिंह सिदार, पूर्व सरपंच श्री सोनसाय आयाम, सरपंच श्री मनोहर बिंझवार, उपसरपंच, सेवानिवृत्त डिप्टी कमिश्नर श्री भुवाल सिंह सिदार, सहायक उप निरीक्षक श्री सुरेश जोगी, राकेश जायसवाल, विष्णु यादव, आरक्षक दिलेेश्वर चंद्र, हरिराम पटेल, रमेश कुमार, पंचगण, शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्री जय कुमार सिदार, समिति के सदस्य, पालकगण, ग्राम के युवाजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
विद्यालय के व्याख्याता एवं शिक्षकगण रुखमणि पुरैना, दिव्या कुजूर, मेलन कंवर, रमाकांत कुसरो, पुष्पा कुमारी, दीपक कुमारी, सोनम बालन, अनुराधा राठौर, उमाकांत टोंडे, खीकराम यादव एवं रुपसाय बिंझवार सहित छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।
सरस्वती साइकिल योजना के माध्यम से सिमगा की 44 बेटियों को मिली यह सुविधा उनके लिए शिक्षा की राह को सुगम बनाने के साथ आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की नई प्रेरणा भी बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!