
कोरबा। जिले के भैसमा-उरगा मुख्य मार्ग पर कूकरीचोली पेट्रोल टंकी के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कोरबा जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष विक्की कंवर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर काफी तेज गति में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिससे सामने जा रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए डायल 112 को सूचना दी और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।पुलिस ने फरार ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। वहीं सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

