Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

हाईवे पर दंतैल का डेरा, एक घंटे थमी रही वाहनों की रफ्तार ! कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर परला नवापारा के पास सड़क पर पहुंचा हाथी

कोरबावन मंडल कटघोरा के केंदई रेंज में दंतैल हाथी की लगातार आवाजाही ने वन विभाग के साथ राहगीरों की भी चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार और शुक्रवार को दंतैल के कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर पहुंचने से करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर हाथी के मौजूद रहने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

शुक्रवार को दंतैल परला नवापारा के पास हाईवे पर पहुंच गया और काफी देर तक सड़क पर ही घूमता रहा। हाथी को देखकर वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। सूचना मिलने पर हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। परिक्षेत्र सहायक सुनील डिक्सेना, वनरक्षक अशोक श्रीवास और प्रीतम पुराइन की टीम ने सायरन बजाकर हाथी को धीरे-धीरे जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। वन विभाग के अनुसार दंतैल इससे पहले रात के समय भी हाईवे पर पहुंच चुका है। इसके अलावा चोटिया-कोरबी मार्ग पर भी हाथी की मौजूदगी के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन रही है। हाथी के बार-बार सड़क और आबादी के आसपास पहुंचने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। दंतैल की लगातार निगरानी की जा रही है। वन अमला उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है और हाईवे की ओर आने पर उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!