झोराघाट घूमने जा रहे दो युवकों की बाइक पुल से नीचे गिरी, एक की मौत 

कोरबा कटघोरा थाना क्षेत्र में छुरी सब स्टेशन के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। दोनों युवक बाइक से झोराघाट घूमने जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले गई।

जानकारी के अनुसार, रामनगर स्याहीमुड़ी निवासी विवेक साहू, पिता कुशल साहू और जितेश श्रीवास, पिता गोपी श्रीवास, एचएफ डीलक्स बाइक से झोराघाट के लिए निकले थे। इसी दौरान छुरी सब स्टेशन के पास मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। डायल 112 की टीम दोनों को कटघोरा अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने विवेक साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल जितेश श्रीवास को बेहतर इलाज के लिए कोरबा रेफर किया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

मृतक विवेक का शव कटघोरा अस्पताल की मरच्यूरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!