हाथी को ट्रैक्टर से परेशान करने के मामले में वन विभाग की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए

हाथी को ट्रैक्टर से परेशान करने के मामले में वन विभाग की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए

कोरबा। वनमंडल कोरबा के वन परिक्षेत्र कुदमुरा अंतर्गत ग्राम जिलगा में हाथी को ट्रैक्टर के माध्यम से परेशान करने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल दाखिल कराया गया है। घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को भी वन विभाग की टीम ने जब्त कर लिया है।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वनमंडलाधिकारी कोरबा के निर्देश पर गठित टीम द्वारा मामले की जांच और आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। इसी क्रम में 24 नवंबर 2026 को उपवनमंडल अधिकारी कोरबा तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी कुदमुरा एवं पसरखेत की उपस्थिति में वन विभाग के मैदानी अमले ने ग्राम जिलगा में सघन तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को गांव की एक बाड़ी में छिपाकर रखा हुआ पाया गया। वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय लाया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ट्रैक्टर चालक दिग्विजय के पास वाहन चलाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।

मामले की आगे की विवेचना और पतासाजी के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर वन विभाग ने 25 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद नियमानुसार उन्हें जेल दाखिल कराया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

वन विभाग द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दिग्विजय (25 वर्ष), सुकनंदन (36 वर्ष) और सब्बीर खान (35 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी ग्राम जिलगा, थाना श्यांग, जिला कोरबा के निवासी हैं।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

वन विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9 सहपठित धारा 2(16)(ख), धारा 2(35), धारा 2(36), धारा 39(1)(घ), धारा 50(1)(ग), धारा 51 एवं धारा 52 के तहत कार्रवाई की है।

वन विभाग ने की नागरिकों से अपील

वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों को परेशान करने, उनका पीछा करने अथवा वाहनों से उनके नजदीक जाने जैसी गतिविधियों से बचें। साथ ही, वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम में सहयोग करें।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों की सुरक्षा और आम नागरिकों की जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। वन्यजीवों को परेशान करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!