CG NEWS : बिलासपुर में नकली ‘गोल्ड फ्लैक’ सिगरेट का बड़ा खेल बेनकाब, पुलिस-आईटीसी की संयुक्त कार्रवाई में 5 लाख का माल जब्त

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नकली सिगरेट के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के व्यापार विहार स्थित मालधक्का इलाके में पुलिस और ITC Limited की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नामी ब्रांड Gold Flake के नाम पर बेची जा रही डुप्लीकेट सिगरेट का जखीरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक थोक व्यापारी को हिरासत में लिया गया है, जो लंबे समय से इस अवैध नेटवर्क को संचालित कर रहा था।मिली जानकारी के अनुसार, व्यापार विहार क्षेत्र में नकली सिगरेट की सप्लाई की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से आई ITC की विशेष टीम ने इसकी जांच शुरू की। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ग्राहक बनकर आरोपी व्यापारी से संपर्क किया और बड़ी मात्रा में सिगरेट खरीदने का सौदा तय किया। जैसे ही व्यापारी ने माल दिखाया, पहले से सतर्क पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से चार बड़े कार्टून में भरी नकली सिगरेट बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद सिगरेट की पैकिंग इतनी हूबहू असली जैसी थी कि आम ग्राहक और छोटे दुकानदार इसे पहचान नहीं पा रहे थे। यही वजह है कि यह अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा था।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किया गया व्यापारी शहर के कई छोटे-बड़े दुकानदारों को सस्ती दरों पर नकली सिगरेट सप्लाई करता था। कम कीमत के लालच में कई दुकानदार अनजाने में इस फर्जीवाड़े का हिस्सा बन गए थे। इससे जहां उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा था, वहीं असली ब्रांड की बाजार साख को भी नुकसान पहुंच रहा था।फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकली सिगरेट का निर्माण कहां हो रहा था और इस पूरे गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। वहीं, ITC की टीम ने जब्त सिगरेट के नमूनों को जांच के लिए भेज दिया है।इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य संदिग्ध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम जनता और व्यापारियों से अपील की है कि वे सस्ते के लालच में संदिग्ध उत्पादों की खरीद-फरोख्त से बचें और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!