

कोरबागणेशोत्सव, गणपति विसर्जन एवं विश्वकर्मा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर कोरबा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से शहरी क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों ने व्यापक बाइक पेट्रोलिंग की।
पुलिस टीम ने सिविल लाइन थाना, मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र, कोतवाली थाना एवं सीएसईबी थाना क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थापित गणेश पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया। पंडाल समितियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
बाइक पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस बल ने संदिग्ध एवं असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखते हुए लगातार क्षेत्र का भ्रमण किया। गणपति विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर भी पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक तैयारियों और सतर्कता के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली पेट्रोलिंग की कमान
बाइक पेट्रोलिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं पुलिस बल शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया और अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान लगातार प्रभावी पेट्रोलिंग एवं सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस की नागरिकों से अपील
कोरबा पुलिस ने गणेशोत्सव एवं विश्वकर्मा पूजा के आयोजकों और आम नागरिकों से धार्मिक आयोजनों को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए।
आगामी धार्मिक आयोजनों और गणपति विसर्जन के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं





