

कोरबा: कोरबा में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। कटघोरा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-130 पर बरपाली के पास लालघाट के नजदीक डीजल टैंकर और ट्रेलर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक केबिन में फंस गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीजल टैंकर अंबिकापुर की ओर से आ रहा था, जबकि ट्रेलर कटघोरा की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान लालघाट के पास दोनों वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनों चालक घायल हो गए, जिनमें से एक चालक काफी देर तक केबिन में फंसा रहा।घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।हादसे के कारण अंबिकापुर-कटघोरा मार्ग पर करीब तीन घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इस दौरान एक मंत्री का काफिला भी जाम में फंस गया, जिसे बाद में पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग से निकाला।टैंकर में डीजल भरा होने के कारण आग लगने का खतरा भी बना रहा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आसपास का क्षेत्र खाली कराया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
