
कोरबा में विकास कार्यों का लोकार्पण, मंत्री देवांगन बोले—देश कर रहा ऐतिहासिक प्रगति
कोरबा, 02 मई 2026। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने शनिवार को नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र के बुधवारी बाजार स्थित गजानन सांई मंदिर परिसर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजूदेवी राजपूत ने की।
इस दौरान वार्ड क्रमांक 28 में निर्मित सामुदायिक भवन के आंतरिक विद्युतीकरण, शौचालय निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब और श्रमिक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा भी बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के कार्यकाल में राज्य ने विकास की नई दिशा प्राप्त की। वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है।
मंत्री देवांगन ने गजानन सांई मंदिर परिसर में सेल्फ-सपोर्टेड डोम निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कोरबा में अब तक 55 सामाजिक भवनों को स्वीकृति दी जा चुकी है, जिनमें कई पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष निर्माणाधीन हैं। मराठा समाज के लिए हाल ही में 10 लाख रुपये की लागत से भवन का निर्माण कराया गया है।

वहीं, महापौर संजूदेवी राजपूत ने शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थल पर लघु उद्यान विकसित करने की घोषणा करते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत महाराष्ट्र वर्धापन दिवस भी मनाया गया, जिसमें महाराष्ट्र मंडल कोरबा, गणेश सेवा समाज, महाराष्ट्र भगिनी मंडल और मराठा समाज के संयुक्त तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। इस अवसर पर मंत्री और महापौर ने भगवान श्रीगणेश, सांई बाबा और गजानन महाराज की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और शहर की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

