
कोरबा में 15 अक्टूबर से सजेगी भव्य रामलीला, महापौर संजू देवी राजपूत ने छत्तीसगढ़वासियों को दिया आमंत्रणघंटाघर ओपन थिएटर में छह दिनों तक होगा रामलीला एवं दशहरा उत्सव का आयोजन, टीवी अभिनेता देवेश नागर निभाएंगे भगवान श्रीराम की भूमिकाकोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन थिएटर परिसर में 15 से 20 अक्टूबर तक भव्य रामलीला एवं दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने पत्रकार वार्ता में विस्तृत जानकारी साझा की। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा, मंच की भव्यता और कार्यक्रम के उद्देश्यों पर चर्चा की गई।महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने बताया कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कोरबा में रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन दूसरे वर्ष आयोजित हो रहा है। इस बार रामलीला को और अधिक भव्य स्वरूप दिया गया है। दर्शकों की संख्या को ध्यान में रखते हुए मंच और पंडाल का आकार भी बढ़ाया गया है।उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। महापौर ने कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ के नागरिकों से परिवार सहित रामलीला देखने और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।पत्रकार वार्ता में टीवी सीरियल ये रिश्ता क्या कहलाता है सहित कई धारावाहिकों में काम कर चुके अभिनेता देवेश नागर ने बताया कि वे रामलीला में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का किरदार निभाना उनके लिए बड़े सौभाग्य की बात है। श्रीराम के चरित्र को आत्मसात कर इस भूमिका को निभाने का प्रयास करेंगे।रामलीला की प्रबंधक तनु प्रिया ने बताया कि आधुनिक तकनीक और पारंपरिक रामलीला के समन्वय से मंचन किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी भी इससे जुड़ सके। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन चरित्र समाज को मर्यादा, कर्तव्य और आदर्श जीवन की प्रेरणा देता है। रामलीला के माध्यम से इन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।आयोजन का शुभारंभ 15 अक्टूबर को होगा। वहीं, 16 अक्टूबर को बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट हनुमान अंश में किरौली नीम बाबा की मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्य कोरबा पहुंचेंगे और रामलीला के मंच से दर्शकों को संबोधित करेंगे।पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, श्रीमती रुक्मणी नायर, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और पत्रकार उपस्थित रहे।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की अपील: कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ के नागरिक 15 से 20 अक्टूबर तक आयोजित भव्य रामलीला एवं दशहरा उत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लें और इस सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाएं।





