पटवारियों की हड़ताल पर मुख्यमंत्री साय का दो टूक, पहले काम पर लौटें फिर होगी बातचीत

पटवारियों की हड़ताल पर मुख्यमंत्री साय का दो टूक, पहले काम पर लौटें फिर होगी बातचीत

पटवारियों से किसानों के हित में काम शुरू करने की अपील, सरकार ने जायज मांगों पर सकारात्मक विचार करने का दिया भरोसा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सख्त लेकिन सकारात्मक रुख अपनाते हुए पटवारियों से काम पर वापस लौटने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि सरकार पटवारियों से बातचीत करने के लिए तैयार है और उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा, लेकिन इसके लिए उन्हें पहले हड़ताल समाप्त कर अपने काम पर लौटना होगा।

19 नवंबर को बलौदाबाजार जिले के सुहेला प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सभी को अपने काम पर आना चाहिए और जनता की सेवा करनी चाहिए। सरकार बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है। पटवारियों की जो भी वाजिब मांगें होंगी, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने पटवारियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि वे भी किसी न किसी किसान परिवार से आते हैं। वे किसी परिवार के बेटे और भाई हैं। ऐसे में उन्हें किसानों की परेशानियों और तकलीफों को समझना चाहिए। धान खरीदी का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, इसलिए उन्हें अपनी जिम्मेदारी समझते हुए काम पर लौटना चाहिए।

उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि हड़ताल के दौरान पटवारियों पर हुई कार्रवाई के संबंध में भी सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। सरकार का प्रयास है कि बातचीत के जरिए इस विवाद का समाधान निकले और आम जनता तथा किसानों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए परेशान न होना पड़े।

गौरतलब है कि प्रदेश में पटवारियों की हड़ताल के चलते राजस्व विभाग से जुड़े कई काम प्रभावित हो रहे हैं। अब मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद आंदोलन समाप्त होने और सरकार-पटवारी संघ के बीच बातचीत से समाधान निकलने की उम्मीद बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!