

कोरबा के वनांचल क्षेत्र श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में सेप्टिक टैंक में शव छिपाने का सनसनीखेज मामला सामने आ गया। करीब दो साल से लिव-इन पार्टनर के रूप में रह रही 33 वर्षीय संतोषी की कथित हत्या के बाद शव घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया गया। रक्षाबंधन पर महिला के मायके नहीं पहुंचने पर परिजनों को संदेह हुआ और तलाश के बाद हत्या का राज खुल गया।
मामला श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली का है। पुलिस के अनुसार संतोषी करीब दो साल से मनोज उरांव के साथ रह रही थी। बताया गया कि 27 अगस्त को मनोज नशे की हालत में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि उसने संतोषी के साथ मारपीट की। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन देर शाम फिर विवाद हुआ।आरोप है कि दूसरी बार हुई मारपीट में संतोषी की मौत हो गई। इसके बाद मनोज ने शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डालकर ढक्कन बंद कर दिया।

अगले दिन रक्षाबंधन पर संतोषी जब भाइयों के घर नहीं पहुंची तो उन्होंने मनोज से संपर्क किया। आरोप है कि मनोज ने संतोषी के एक दिन पहले ही घर से चले जाने की बात कहकर उन्हें गुमराह किया। कई दिन तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। संदेह गहराने पर मामला पुलिस तक पहुंचा और जांच के दौरान सेप्टिक टैंक से संतोषी का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी मनोज उरांव की तलाश की जा रही है।





