Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

कोरबा: रेलवे ट्रैक पर मिली लाश की हुई पहचान, बेटे ने की शव की शिनाख्त; रायपुर से इलाज कराकर लौट रहे थे

कोरबा। उरगा-भैंसमा ओवरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर शनिवार सुबह मिले अज्ञात शव की पहचान इमलीडुग्गू निवासी 50 वर्षीय राजपाल सिंह केवट के रूप में हुई है। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पहचान की कोशिश शुरू की। इसी दौरान राजपाल सिंह का बेटा सोनू सिंह पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचा। पुलिस ने घटना की जानकारी दी, जिसके बाद सोनू ने शव की पहचान अपने पिता के रूप में की।

रायपुर से इलाज कराकर लौट रहे थे

सोनू ने पुलिस को बताया कि उनके पिता की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी और उनका रायपुर में इलाज चल रहा था। शुक्रवार को सोनू उन्हें इलाज के लिए रायपुर लेकर गया था। इलाज के बाद दोनों ट्रेन से वापस लौट रहे थे।

सरगबुंदिया रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन रुकने पर राजपाल सिंह अचानक नीचे उतर गए। जब तक सोनू कुछ समझ पाता, ट्रेन चलने लगी। राजपाल ने प्लेटफॉर्म से अपने बेटे की ओर हाथ हिलाकर ‘बाय-बाय’ किया।

सोनू को लगा कि पिता दूसरे डिब्बे में चढ़ गए होंगे या बाद में घर पहुंच जाएंगे। उसने बताया कि पहले भी राजपाल बिना बताए घर से चले जाते थे और कुछ समय बाद वापस लौट आते थे।

देर रात तक घर नहीं लौटे, सुबह मिली मौत की खबर

जब देर रात तक राजपाल घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। शनिवार सुबह सोनू गुमशुदगी दर्ज कराने उरगा थाना पहुंचा, जहां उसे पिता की मौत की सूचना मिली।

पुलिस ने शव का पंचनामा और परिजनों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!