Home / कोरबा / कोरबा: गुपचुप व्यवसायी 4 दिन से लापता, परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई, मोबाइल बंद; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

कोरबा: गुपचुप व्यवसायी 4 दिन से लापता, परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई, मोबाइल बंद; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

कोरबा सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र से गुपचुप व्यवसायी धर्मेंद्र जायसवाल (30) पिछले चार दिनों से लापता हैं। 26 जून की सुबह घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश के बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

धर्मेंद्र के भाई उमेश कुमार जायसवाल ने पुलिस को बताया कि धर्मेंद्र रोज की तरह 26 जून की सुबह करीब 5:30 बजे लालघाट जाने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। उनका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है।

परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों, आसपास के इलाकों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अस्पतालों में भी उनकी तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद सिविल लाइन रामपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

दो बच्चों के पिता, गुपचुप का करते हैं व्यवसाय

धर्मेंद्र जायसवाल की उम्र 30 वर्ष है। उनका कद लगभग 5 फीट 3 इंच, रंग सांवला है। लापता होने के समय उन्होंने नीले रंग की शर्ट और काला लोवर पहन रखा था। पहले वह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के वाहन स्टैंड में काम करते थे। बाद में रामपुर मुख्य मार्ग पर गुपचुप का व्यवसाय शुरू किया। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।

पुलिस कर रही जांच

सिविल लाइन रामपुर थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अन्य थानों को भी सूचना भेजी गई है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को धर्मेंद्र जायसवाल के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल सिविल लाइन रामपुर थाना या डायल 112 पर सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *