Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

महतारी वंदन योजना से सशक्त हो रही छत्तीसगढ़ की मातृशक्तिमुख्यमंत्री ने पत्रकार निशा द्विवेदी की पुस्तक ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ का किया विमोचन

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पत्रकार निशा द्विवेदी द्वारा लिखित पुस्तक ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ का विमोचन किया। दो भागों में प्रकाशित इस पुस्तक में महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं के अनुभवों, उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदमों की कहानियों को संकलित किया गया है। पुस्तक को योजना के जमीनी प्रभाव का महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया गया है।

पुस्तक के विमोचन अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने लेखिका निशा द्विवेदी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने प्रदेश की महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत किया है। आर्थिक सहायता मिलने से परिवार के महत्वपूर्ण निर्णयों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है और उनमें आर्थिक सुरक्षा की भावना विकसित हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह मिलने वाली राशि उनकी छोटी-बड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में उपयोगी साबित हो रही है। अनेक महिलाएं इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, घरेलू जरूरतों और बचत के लिए कर रही हैं। बैंक खातों में नियमित रूप से राशि पहुंचने से महिलाओं में आत्मनिर्भरता और आर्थिक निर्णय लेने का विश्वास बढ़ा है।

साय ने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी योजना की वास्तविक सफलता उसके आंकड़ों से अधिक हितग्राहियों के जीवन में आए बदलावों से मापी जाती है। ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ में योजना से जुड़ी महिलाओं के अनुभवों को सामने लाने का प्रयास किया गया है। ऐसे प्रयासों से योजनाओं के सामाजिक प्रभाव को समझने में मदद मिलती है और भविष्य के लिए यह सामग्री महत्वपूर्ण दस्तावेज का रूप लेती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना प्रारंभ की गई है। योजना के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जा रही है। योजना की 30 किश्तों के माध्यम से अब तक लगभग 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास और आजीविका के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रही है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि इसमें महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं के अनुभवों और संवेदनाओं को शब्द दिए गए हैं। किसी योजना के वास्तविक प्रभाव को समझने के लिए हितग्राहियों के बीच जाकर उनके अनुभव जानना आवश्यक है। गांव-गांव जाकर महिलाओं से संवाद करना, उनके जीवन में आए बदलावों को समझना और उन्हें पुस्तक के रूप में संजोना चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि लेखिका ने योजना के सामाजिक और आर्थिक प्रभाव को जमीनी स्तर पर सामने लाने का सार्थक प्रयास किया है।

पुस्तक की लेखिका पत्रकार निशा द्विवेदी ने बताया कि दोनों भागों में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की ऐसी महिलाओं की कहानियों और अनुभवों को शामिल किया गया है, जिन्हें महतारी वंदन योजना से आर्थिक संबल मिला है। पुस्तक के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया गया है कि नियमित आर्थिक सहायता ने महिलाओं की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ उनके आत्मविश्वास और आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता को किस प्रकार प्रभावित किया है।

विमोचन कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर महापौर मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार कृष्णा दास, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, गौरी शंकर श्रीवास, शताब्दी पांडेय सहित बड़ी संख्या में महिला पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!