
ग्रामीण बच्चों की शिक्षा को नई उड़ान: नागेंद्र गुप्ता ने बांटे वाटरप्रूफ पहाड़े
जांजगीर-चांपा।ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में समाजसेवी नागेंद्र गुप्ता ने एक प्रेरणादायक पहल की है। उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला डिपरीपारा, बिरगहनी (चांपा) के विद्यार्थियों को विशेष रूप से तैयार किए गए वाटरप्रूफ शैक्षणिक चार्ट (पहाड़े) वितरित किए, जिससे बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा सीखने में काफी सुविधा मिलेगी।
नागेंद्र गुप्ता ने बताया कि ग्रामीण स्कूलों में अध्ययन के दौरान उन्होंने देखा कि कई छोटे बच्चों के पास पहाड़े उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण उन्हें गणित और अन्य प्रारंभिक विषयों को समझने में कठिनाई होती है। इसी समस्या के समाधान के लिए उन्होंने ऐसे वाटरप्रूफ शैक्षणिक चार्ट तैयार करवाए, जिनमें पहाड़े, हिंदी वर्णमाला, अंग्रेजी (ABCD), गिनती तथा अन्य आवश्यक प्रारंभिक शैक्षणिक सामग्री एक ही चार्ट में समाहित की गई है।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करना, उनकी सीखने की क्षमता को विकसित करना और बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाना है। वाटरप्रूफ सामग्री से तैयार होने के कारण ये चार्ट लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगे और बच्चे नियमित रूप से इनका उपयोग कर सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान नागेंद्र गुप्ता ने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका ममता यादव, रेनू कौशिक एवं उपस्थित ग्रामीणों ने नागेंद्र गुप्ता की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
