Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

स्वतंत्रता दिवस की सुबह हथियारबंद बदमाशों का धावा, गैस सिलेंडर से भरा ट्रक रोककर 7 सिलेंडर लूटे ! स्कॉर्पियो सवार 4-5 नकाबपोश बदमाशों ने चालक की कनपटी पर तानी बंदूक

Oplus_16777216

कोरबा स्वतंत्रता दिवस की सुबह कोरबा में हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी। दर्री थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) के गेट के सामने बदमाशों ने गैस सिलेंडर से लदे ट्रक को रोक लिया और चालक को बंदूक की नोक पर धमकाते हुए 7 भरे हुए गैस सिलेंडर लूटकर फरार हो गए। वारदात तड़के करीब 4 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार आईओसी से गैस सिलेंडर लेकर एक ट्रक बिरला की ओर जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो में सवार 4-5 नकाबपोश बदमाशों ने ट्रक को रोक लिया। सभी ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। बदमाशों ने ट्रक से सिलेंडर उतारकर स्कॉर्पियो में लोड करना शुरू कर दिया। ट्रक चालक जयपाल दास के मुताबिक, सुबह करीब 4 से 4:10 बजे के बीच जब वह अपनी लोडेड गाड़ी के पास पहुंचा तो उसने कुछ लोगों को ट्रक से सिलेंडर निकालते देखा। इसी दौरान एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर छोटी बंदूक तान दी और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी के पास तलवारनुमा हथियार भी था। चालक ने गोली चलने जैसी आवाज सुनाई देने की बात भी कही है। हथियारबंद बदमाशों को देखकर चालक डर गया और घटना की जानकारी देने अपने साथियों के पास चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो ट्रक से 7 भरे हुए गैस सिलेंडर गायब थे। बदमाश सिलेंडर स्कॉर्पियो में लादकर मौके से फरार हो चुके थे।

सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश

वारदात की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बिना नंबर की स्कॉर्पियो और उसमें सवार बदमाशों की पहचान की जा सके। चालक के अनुसार अंधेरा होने और बदमाशों के चेहरे ढंके होने के कारण वह किसी आरोपी को पहचान नहीं सका। स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण दिन की सुबह हुई इस हथियारबंद लूट की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान, वाहन की तलाश और लूटे गए सिलेंडरों की बरामदगी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!