Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

कोरबा में सड़क हादसे में युवक की मौत:3 दिन बाद नहीं हुई शिनाख्त, वाहन ने मारी थी टक्कर,पुलिस ने किया अंतिम संस्कार

कोरबा बालको थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले करीब 25 वर्षीय बाइक सवार युवक की तीन दिन बाद भी पहचान नहीं हो सकी। मृतक के परिजनों के सामने नहीं आने और शव के अधिक समय तक रखे जाने पर खराब होने की आशंका को देखते हुए रविवार को जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

हादसा बालको प्लांट के एल्युमिनियम गेट के पास हुआ था। जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद बालको प्लांट की एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले थे।

सोशल मीडिया से लेकर गांवों तक कराई मुनादी

हादसे के बाद पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए जिले के सभी थाना-चौकियों में सूचना प्रसारित की। व्हाट्सऐप ग्रुप और सोशल मीडिया पर भी मृतक की जानकारी साझा की गई। आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों से पहचान करने की अपील की गई, लेकिन तीन दिन तक कोई भी व्यक्ति शव की पहचान के लिए सामने नहीं आया।

वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ हुआ अंतिम संस्कार

शव की पहचान नहीं होने और लंबे समय तक रखे जाने पर खराब होने की आशंका के चलते जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार कराया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई है, ताकि भविष्य में परिजन सामने आते हैं तो पहचान और जांच में कोई परेशानी न हो।

CCTV और गेट रजिस्टर खंगाल रही पुलिस

फिलहाल अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस बालको प्लांट और आसपास के CCTV फुटेज के साथ प्लांट गेट के रजिस्टर की भी जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को करीब 25 वर्षीय युवक के लापता होने या उसकी पहचान के संबंध में जानकारी हो तो वे बालको थाना या जिला अस्पताल चौकी से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!