कोरबा: तालाब की सफाई के दौरान जलकुंभी में फंसकर 50 वर्षीय शख्स की मौत; सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी भारी पड़ी

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित गणेश तालाब में सोमवार को बड़ा हादसा हुआ। तालाब की सफाई के दौरान 50 वर्षीय श्यामलाल सारथी जलकुंभी में फंसकर गहरे पानी में डूब गया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों ने शव निकाला।

मृतक अपने 5 साथियों के साथ तालाब में सफाई करने उतरा था। सफाई के दौरान वह तालाब के बीच वाले हिस्से तक पहुंच गया। वहां घनी जलकुंभी और कीचड़ होने के कारण उसका पैर फिसल गया। श्यामलाल जलकुंभी में उलझ गया और गहरे पानी में समा गया।

साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन गहराई और फिसलन के कारण सफल नहीं हुए। हादसे के बाद साथियों ने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और कोरबा से गोताखोरों को बुलाया गया। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने श्यामलाल का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

कटघोरा पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ठेकेदार और पंचायत कर्मियों से पूछताछ कर रही है। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि सफाई के दौरान सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे । ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मजदूरों को बिना लाइफ जैकेट और रस्सी के तालाब में उतारा गया। पुलिस लापरवाही के पहलू से भी मामले की जांच कर रही है।गणेश तालाब का महत्व
छुरी का गणेश तालाब क्षेत्र का एक प्रसिद्ध तालाब है। तालाब के बीच में गणेश मूर्ति स्थापित है, इसलिए इसे गणेश तालाब कहते हैं। हर साल गणेश उत्सव और अन्य धार्मिक आयोजनों में लोग यहां दर्शन के लिए आते हैं। पंचायत ने तालाब की साफ-सफाई का ठेका दिया था। हालांकि, सुरक्षा मानकों की अनदेखी इस हादसे का कारण बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!