कोरबा। कटघोरा वन परिक्षेत्र के ग्राम विजयपुर स्थित कक्ष क्रमांक OA-783 में वन विभाग के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच करने, जान से मारने की धमकी देने तथा फेंसिंग खंभों को तोड़कर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।जानकारी के अनुसार वन विभाग द्वारा उक्त क्षेत्र में विभागीय फेंसिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम विजयपुर निवासी विश्राम सिंह, महिपाल सिंह और भुवनपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया। आरोप है कि उन्होंने विभागीय कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौच की, साथ ही लगाए जा रहे फेंसिंग खंभों को तोड़कर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।वन विभाग की शिकायत पर थाना कटघोरा में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296, 351(3) एवं 324(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस ने प्रकरण में विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।वन विभाग ने कहा है कि शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करने और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
