Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

रामनगर बस्ती में गैस सिलेंडर फटा, मकान की दीवारें और छत उड़ीं

कोरबा।जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित रामनगर बस्ती में शनिवार देर रात गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए धमाके से हड़कंप मच गया। हादसे में मकान मालिक गजानंद साहू की पत्नी और दो बच्चे बाल-बाल बच गए। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ी जनहानि टल गई, हालांकि मकान और घरेलू सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार, गजानंद साहू के घर की रसोई में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के पाइप में कथित रूप से लीकेज हो गया। इससे अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मकान की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और छत के हिस्से उड़ गए।

धमाके के बाद घर में रखा फ्रिज और दूसरा गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गए। कुछ ही देर में फ्रिज में भी विस्फोट हो गया, जिससे आग और तेज फैल गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा अधिकांश घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, जिससे आग आसपास के मकानों तक नहीं फैल सकी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रारंभिक तौर पर गैस पाइप में लीकेज को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!