
कोरबा। नगर निगम कोरबा में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने गुरुवार को कोसाबाड़ी जोन के विभिन्न वार्डों में निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों से प्रगति, गुणवत्ता तथा तकनीकी मानकों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में लापरवाही, अनियमितता, घटिया निर्माण या अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
महापौर ने पोड़ीबहार नाला निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा कोर कटिंग कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने निर्माण कार्य में इस्तेमाल सामग्री और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप काम होने की जांच सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों में स्वीकृत ड्राइंग-डिजाइन, प्राक्कलन और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की प्रत्येक महत्वपूर्ण अवस्था में स्थल निरीक्षण कर गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने लंबित विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि फाइलों में विकास और जमीन पर अधूरे काम अब नहीं चलेंगे। जिन कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर जल्द शुरू कराया जाए। धीमी गति से चल रहे कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए महापौर ने कहा कि काम लेना आसान है, लेकिन उसे निर्धारित गुणवत्ता और मानकों के साथ पूरा करना जरूरी है। निरीक्षण के दौरान यदि कोई निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो नियमानुसार जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विकास कार्यों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, टिकाऊ और जनता के लिए उपयोगी विकास सुनिश्चित करना है। नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और लापरवाही या अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जोन कमिश्नर श्री एन.के. नाथ, सहायक अभियंता श्री पीयूष राजपूत, उप अभियंता श्री अश्वनी दास सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और वार्डवासी मौजूद रहे।





