किराए के मकान में छिपाकर रखी थीं 6.5 टन पटरियां, पुलिस की रेड पड़ते ही आरोपी फरार

कोरबा में रेलवे पटरी चोरी का मामला कटघोरा: छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत बिछाई जा रही नई रेल लाइन की पटरी पर कबाड़ चोर गिरोह की नजर है। कोरबा के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के बाद अब जटगा चौकी इलाके में भारी मात्रा में रेलवे ट्रैक की कटी हुई पटरी एक किराए के मकान से बरामद हुई है। पुलिस ने मौके से करीब 6.5 टन वजनी 36 नग रेलवे पटरी बरामद की है। इसके अलावा ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया गया है। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत जटगा क्षेत्र में भी नई रेल लाइन का काम चल रहा है, जहां अलग-अलग कंपनियों को काम दिया गया है।  किराए के मकान से बरामद हुआ रेलवे का माल मामला जटगा चौकी क्षेत्र के बरबसपुर गांव का है। यहां आखिर लाल के पक्के मकान को राजू कुमार नामक युवक ने किराए पर लिया था। बताया जा रहा है कि राजू कुमार छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत चल रहे नई रेल लाइन के काम में लगी एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस ने किराए के मकान में दबिश देकर बड़ी मात्रा में कटी हुई रेलवे पटरी बरामद की। मौके से करीब 6.5 टन रेलवे पटरी के अलावा 4 ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू सिलेंडर और अन्य अवजार के साथ स्वराज माजदा वाहन जब्त किया गया है। Also  पुलिस की दबिश की भनक लगते ही आरोपी फरार बताया जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई की सूचना मिलते ही राजू कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही रेलवे पटरी चोरी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आ सकेगी। रेल विभाग के अधिकारियों को दी गई सूचना जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव ने बताया कि मौके से रेलवे का माल बरामद किया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। रेलवे के संबंधित विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी गई है। इसके साथ ही नई रेल लाइन का काम कर रही संबंधित कंपनी के अधिकारियों को भी बुलाया गया है, ताकि बरामद सामान के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। सीमावर्ती क्षेत्र में चोरी का माल खपाने की आशंका जिस तरह से इतनी बड़ी मात्रा में रेलवे की पटरी बरामद हुई है, उससे पुलिस को आशंका है कि जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में चोरी के माल को खपाने का काम किया जा रहा हो सकता है। इस बड़े चोरी का खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी की तलाह में जुटी पुलिस मामले में कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि जटगा चौकी के ग्राम बरबसपुर में पुलिस ने दबिश देकर एक किराए के मकान से करीब 6.5 टन (6,480 किग्रा) वजनी 36 नग रेलवे पटरी बरामद की है। मौके से 4 ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू सिलेंडर और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया गया है। आरोपी शीट तोड़कर फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!