
कोरबा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को लेकर कोरबा जिले में विवाद सामने आया है। जनपद पंचायत कोरबा के महिला एवं बाल विकास सभापति नंदकुमार कंवर ने पूर्व प्रभारी ब्लॉक समन्वयक अभिषेक चौरसिया के खिलाफ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत में कथित अवैध वसूली, फर्जी जियो टैगिंग और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के आवासों को कागजों में पूर्ण दिखाने जैसे आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ मामलों में आवास मित्रों और रोजगार सहायकों पर दबाव बनाकर जियो टैगिंग कराई गई और हितग्राहियों से आवास निर्माण की राशि में कथित कमीशन की मांग की गई।
वायरल वीडियो की दोबारा जांच की मांग
शिकायत में एक वायरल वीडियो का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें कथित तौर पर पैसों की मांग से संबंधित बातचीत सामने आने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने पूर्व में हुई जांच पर भी सवाल उठाते हुए मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
इन पंचायतों में जांच की मांग
नंदकुमार कंवर ने ए्यांग, लेमर, लबेद, गिरारी, अमलडीहा, चिर्रा और नाकिया सहित कई ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हुए निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है।
शिकायत में दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की मांग की गई है।





