Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

रेलवे स्टेशनों पर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, लावारिस बैगों से हथियार बरामद

जांजगीर-चांपा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस ने रेलवे स्टेशनों और आने-जाने वाली ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

चांपा, अकलतरा और कोटमीसोनार स्टेशन पर कड़ी निगरानी

पुलिस टीमों ने चांपा, अकलतरा, नैला और कोटमीसोनार रेलवे स्टेशनों पर मोर्चा संभालते हुए यात्रियों, संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान की जांच की। अलग-अलग पुलिस टीमों द्वारा रेलवे परिसर के साथ-साथ ट्रेनों में भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

विशेष रूप से बिहार की ओर से आने वाली ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस द्वारा यात्रियों के सामान की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

लावारिस बैगों से मिले हथियार

चेकिंग अभियान के दौरान कुछ लावारिस बैगों से हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हथियारों को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि ये बैग किसके हैं और इन्हें रेलवे परिसर में किस उद्देश्य से छोड़ा गया था।

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे में सफर के दौरान किसी भी प्रकार का हथियार अपने साथ लेकर यात्रा न करें। बिना वैध अनुमति हथियार रखना या उनका परिवहन करना कानूनन अपराध है।

यात्रियों को अपने सामान की स्वयं निगरानी रखने और किसी भी लावारिस बैग या संदिग्ध वस्तु को नहीं छूने की सलाह दी गई है। ऐसी कोई वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल को सूचना देने की अपील की गई है।

पुलिस का कहना है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में इस तरह की निगरानी एवं चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!