

कोरबा। वनमंडल कटघोरा के एतमानगर और केंदई रेंज में लगातार उत्पात मचाने के बाद एक लोनर हाथी अब पसान रेंज पहुंच गया है। पसान के जल्के-तनेरा क्षेत्र में पहुंचते ही हाथी ने एक ग्रामीण के कच्चे मकान को ढहा दिया। अचानक बस्ती में हाथी के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि हाथी के क्षेत्र में पहुंचने की जानकारी न तो ग्रामीणों को पहले से मिल सकी और न ही वन विभाग को इसकी भनक लगी। निगरानी व्यवस्था कमजोर होने के कारण हाथी बस्ती तक पहुंच गया और मकान को नुकसान पहुंचाया।
एतमानगर और केंदई क्षेत्र में लंबे समय से उत्पात मचा रहा यह लोनर हाथी लगातार अपना क्षेत्र बदल रहा है। इसके कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग के सामने अब हाथी की निगरानी के साथ ग्रामीणों की
सुरक्षा
सुनिश्चित करने की चुनौती है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा संभावित खतरे की स्थिति में समय रहते गांवों में सूचना पहुंचाने की मांग की है।





