Home / जांजगीर-चांपा / आधी रात का खौफनाक हमला, घर के अंदर घुसकर किया मर्डर

आधी रात का खौफनाक हमला, घर के अंदर घुसकर किया मर्डर

 

 जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करहि गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। करीब रात 12 बजे तीन नकाबपोश बदमाश एक व्यवसायी के घर में घुस गए और परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में 19 वर्षीय आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई आशुतोष कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गया।

सोते समय किया हमला, दो गोलियां लगने से मौके पर मौत
जानकारी के मुताबिक, हमलावर घर के पीछे के रास्ते से अंदर दाखिल हुए और सीधे उस कमरे में पहुंचे जहां आयुष, उसका भाई और बहन सो रहे थे। बदमाशों ने आयुष पर दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके सीने और दूसरी कनपटी पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आशुतोष के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। घटना के दौरान आरोपियों द्वारा पैसों की मांग करने की बात भी सामने आई है।

परिवार का आरोप—लूट नहीं, व्यवसायिक रंजिश में हत्या
शुरुआत में इस घटना को लूट के प्रयास से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन मृतक के पिता सम्मेलाल कश्यप ने इसे व्यवसायिक रंजिश का मामला बताया है। उनका कहना है कि बदमाश लूटपाट के इरादे से नहीं, बल्कि हत्या की योजना बनाकर घर में घुसे थे। आयुष हाल ही में रेत के कारोबार से जुड़ा था और घटना से पहले वह रेत से संबंधित काम से बाहर गया हुआ था।

राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा है परिवार
मृतक आयुष कश्यप के पिता सम्मेलाल कश्यप लोहा व्यापारी होने के साथ-साथ ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं और पूर्व में उपसरपंच रह चुके हैं। वहीं, उनकी पत्नी भी पूर्व सरपंच रह चुकी हैं। इस कारण मामले को राजनीतिक और व्यवसायिक रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

विधायक ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक ब्यास कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में रेत माफिया सक्रिय हैं और प्रशासन उन पर अंकुश लगाने में विफल रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही एसपी निवेदिता पाल और एएसपी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *