Home / बिलासपुर / समग्र शिक्षा में घोटाला?अयाज जुनजानी पर रिश्वत मांगने के आरोप

समग्र शिक्षा में घोटाला?अयाज जुनजानी पर रिश्वत मांगने के आरोप

बिलासपुर से समग्र शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का बड़ा मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिलासपुर में एक नगर निगम ठेकेदार ने भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है।जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार दीपक महादेवा ने कलेक्टर संजय अग्रवाल को शिकायत देते हुए बताया कि उन्होंने सकरी जोन के उसलापुर, अमेरी, घुरू और दलदलीहापारा के सरकारी स्कूलों में शौचालय निर्माण का काम पूरा किया था। आधा भुगतान मिलने के बाद शेष राशि के लिए उन्हें महीनों से भटकना पड़ रहा है।

सबसे गंभीर आरोप समग्र शिक्षा विभाग के सहायक समन्वयक अयाज जुनजानी पर लगे हैं। ठेकेदार का दावा है कि जनवानी ने भुगतान जारी करने के बदले 8000 रुपये की मांग की और यह तक कहा कि पैसा रायपुर के अधिकारियों तक पहुंचाना पड़ता है, तभी बजट स्वीकृत होता है।

ठेकेदार ने रिश्वत देने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद उसकी फाइल पिछले 6 महीनों से रोक दी गई। लगातार चक्कर काटने के बाद अब पीड़ित ने साक्ष्यों के साथ न्याय की गुहार लगाई है।

इस पूरे मामले ने विभाग की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या बच्चों के लिए बनाए गए शौचालयों का भुगतान भी अब कमीशन पर निर्भर करेगा?अब नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है कि क्या दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *