
कोरबा। सड़क किनारे खड़े कंडम वाहनों से शहर की सुंदरता बिगड़ने के साथ आवागमन में परेशानी हो रही है। जिसे लेकर नगर निगम, पुलिस व परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने कंडम वाहनों को सड़क किनारे से हटाने की कार्रवाई की। अभियान को देखते हुए मालिकों ने स्वयं ही कंडम वाहनों को हटाना मुनासिब समझा। कोरबा औद्योगिक नगरी है। यहां एसईसीएल के कई खदान और विभिन्न कंपनियों के औद्योगिक संयंत्र संचालित है। जिसके कारण जिले की सड़कों पर भारी वाहनों का दबाव अधिक है। परिवहन के दौरान बे्रकडाउन हुए भारी वाहनों को सड़क किनारे ही छोड़ दिया जाता है। जिससे कई स्थानों पर सड़क किनारे कंडम वाहन खड़े हुए देखे जा सकते हैं। ऐसे वाहनों को हटाने बुधवार को नगर निगम, कोतवाली, सीएसईबी पुलिस चौकी और आरटीओ की संयुक्त टीम ने जोड़ा पुल राताखार के पास कार्रवाई शुरू की। टीम के्रन हाइड्रा से वाहनों को हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इस दौरान कई वाहन मालिकों ने स्वयं से अपनी कंडम वाहनों को हटाना मुनासिब समझा। कंडम वाहनों को हटाकर अपने यार्ड में मालिकों ने रखा। कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नीतिश ठाकुर, डीएसपी डीके सिंह, टीआई कोतवाली प्रमोद डडसेना, सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी, एएसआई इश्वरी लहरे, नगर निगम से सोमनाथ, डहरे, इंजीनियर सुनील तांडे, आरटीओ टीआई मिथलेश जांगड़े व ट्रैफिक एएसआई मनोज राठौर मौजूद रहे।
