Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

कोरबा में खनिज विभाग की टीम को देखते ही रेत लदा ट्रैक्टर रिहायशी गली में घुसा, बाल-बाल बचे लोग; वार्डवासियों में आक्रोश

कोरबा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी वार्ड क्रमांक 11 के रमेश गली इलाके में रेत से भरे ट्रैक्टर के रिहायशी गली में घुसने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि खनिज विभाग की टीम को देखकर ट्रैक्टर चालक कार्रवाई से बचने के प्रयास में वाहन को लेकर संकरी आबादी वाली गली में घुस गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, रेत से लदा ट्रैक्टर क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान खनिज विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। टीम को कार्रवाई करते देख चालक ने अचानक ट्रैक्टर को रमेश गली की ओर मोड़ दिया। इसके बाद ट्रैक्टर तेज गति से रिहायशी इलाके की संकरी सड़क में दाखिल हो गया। घटना के दौरान गली में मौजूद लोगों के बीच कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रमेश गली में दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। यहां छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी नियमित रूप से आवागमन करते हैं। ऐसे में यदि ट्रैक्टर की चपेट में कोई व्यक्ति आ जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था। लोगों का कहना है कि भारी वाहन के इस तरह आबादी के बीच घुसने से बड़ा खतरा पैदा हो गया था।

घटना के बाद सीतामढ़ी वार्ड के रहवासियों में रेत परिवहन को लेकर नाराजगी देखी गई। वार्डवासियों का कहना है कि आबादी वाले इलाकों की संकरी गलियों में भारी वाहनों की आवाजाही पहले से ही परेशानी और खतरे का कारण बनी हुई है। यदि कार्रवाई से बचने के लिए रेत परिवहन में लगे वाहन रिहायशी गलियों का इस्तेमाल करने लगेंगे, तो आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होंगे।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और खनिज विभाग से रेत के अवैध परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई करने के साथ ही आबादी वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों द्वारा रिहायशी इलाकों में तेज गति से वाहन दौड़ाने की स्थिति में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

फिलहाल ट्रैक्टर के खिलाफ मौके पर क्या कार्रवाई की गई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, इस घटना ने रेत परिवहन में लगे वाहनों की निगरानी और आबादी वाले क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!