Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

कोरबा में सास की मौत से सनसनी: दीवार पर लिखा—‘पूर्णिमा और मायके वाले मेरी मौत के जिम्मेदार’, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा : कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मणबंध में 40 वर्षीय महिला लक्ष्मी मानिकपुरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा था। वीडियो में उसने कहा कि वह बेइज्जत होकर नहीं सकती। वहीं, कमरे की दीवार पर हाथ से लिखा सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी बहू पूर्णिमा महंत और उसके मायके वालों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। दीवार पर लिखे संदेश में महिला ने लिखा है, “पूर्णिमा और उसकी मायके वाले मेरी मौत का कारण है। मेरे पति का कोई हाथ नहीं है। मेरे बच्चे को मेरे पति के हाथ सौंप कर जा रही हूं।”

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो, सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी मानिकपुरी लक्ष्मणबंध में रहती थी और उसका मायका आरामशीन पारा बस्ती में है। परिवार के मुताबिक, कोरोना काल में उसके पहले पति की मौत हो गई थी। पहले पति से उसके दो बच्चे हैं। इसके बाद लक्ष्मी ने 13 जून 2025 को कार्तिक दास से दूसरी शादी की थी। सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार हुई इस शादी के बाद वह कार्तिक दास के साथ रहने लगी थी।

कार्तिक दास ठेकेदारी का काम करते हैं। उनकी पहली पत्नी से भी दो बेटे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। परिवार के अनुसार, पिछले कुछ समय से घर में पारिवारिक विवाद चल रहा था। लक्ष्मी का अपनी बहू पूर्णिमा महंत से अक्सर विवाद होता था। पूर्णिमा का पति संजय दास एक निजी कंपनी में काम करता है और उसका करीब तीन साल का बेटा भी है। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले घर में पति, बेटे और बहू के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान कहासुनी काफी बढ़ गई थी। इस विवाद का एक वीडियो भी सामने आया है।

इसमें महिला अपने पति और सौतेले बेटे के साथ विवाद के दौरान बहू और बेटे पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाती नजर आ रही है। वीडियो में वह आत्महत्या करने की बात भी कहती है और वहां मौजूद अपने बच्चों से कमरे से चले जाने के लिए कहती है। इस पर बड़ा बेटा उसे समझाते हुए कहता है, “हम लोग हैं न मम्मी, ऐसा क्यों कर रही हो। ठंडे दिमाग से काम लो।” वहीं, छोटा बेटा रोते हुए अपनी मां को मनाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। परिजनों का कहना है कि पारिवारिक विवाद के कारण लक्ष्मी काफी परेशान थी।

इसके बाद 27 अगस्त को उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा था। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। दीवार पर मिले लिखावट की जांच के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट को बुलाया जाएगा। इसके साथ ही घटना से जुड़े वीडियो और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!