Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग ने की कार्यवाही

कोरबा 24 मई। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं जांच की गई।

जांच के दौरान खनिज रेत, गिट्टी और मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर कुल 3 जेसीबी मशीनें और 16 ट्रैक्टर जप्त किए गए। डौका गुड़ा से 1 ट्रैक्टर, विजयपुर से 2 ट्रैक्टर, सुतर्रा से 1 ट्रैक्टर, आमाखोखरा से ईंट से भरा 1 ट्रैक्टर जप्त किया गया। ग्राम बिंझरा से मिट्टी का अवैध उत्खनन कर रहे 2 जेसीबी मशीनों को भी पकड़ा गया। पौड़ी से रेत का अवैध परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर और डुमरकछार से मिट्टी के अवैध उत्खनन में संलिप्त 2 ट्रैक्टर तथा 1 जेसीबी को भी कार्रवाई के दौरान जप्त किया गया। सभी जप्त वाहनों को नियमानुसार आगे की प्रक्रिया के लिए जिले के विभिन्न पुलिस थानों एवं खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है। यह पूरी कार्रवाई उड़नदस्ता दल प्रभारी, खनि निरीक्षक श्री मदन साहू एवं श्री सुभाष ठाकुर द्वारा की गई।

खनिज विभाग का यह अभियान जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करने और राजस्व की क्षति को रोकने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास है। विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों तथा प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर कड़ी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जिले में खनिज संसाधनों का संरक्षण और उनका सुव्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!