
कोरबा। हाल ही में पांच राज्यों में चुनाव हुए। चुनाव के समय से ही देश में डीजल पेट्रोल, गैस की किल्लत और बिटमिन की कमी थी। सरकार ने चुनाव के समय इन बातों को छिपाए रखा। व्यवसायिक डीजल के दाम में भारी बढ़ोत्तरी कर दी गई थी। चुनाव परिणाम आने तक डीजल पेट्रोल के दाम को कंट्रोल कर रखा गया था। परिणाम आने के बाद अब प्रधानमंत्री देशवासियों से अपील कर रहे हैं। यह अपील देशवासियों के जख्मों पर नमक डालने जैसा है। पिछले दो माह से डीजल पेट्रोल और गैस के संकट से जूझ रही और महंगाई की मार झेल रही जनता से प्रधानमंत्री ने अपील की है। देश संकट की ओर आगे बढ़ रहा है। पूर्व में ही राहुल गांधी ने चेता दिया था, लेकिन सरकार ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई ।
उक्त बातें पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता में राज्य व केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहीं। श्री अग्रवाल ने कहा कि देश में पिछले सात साल से उर्वरकों की कमी है। प्रधानमंत्री उर्वरक की व्यवस्था करने के बजाय बार-बार किसानों से यूरिया की खपत कम करने की अपील करते रहे है। किसानों की आय दुगुनी करने का वादा था लेकिन उर्वरक नहीं मिलने तथा महंगा उर्वरक खरीदने के कारण किसान कर्जदार हो रहे, उत्पादकता घट रही। छत्तीसगढ़ में 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों की आवश्यकता है लेकिन राज्य सरकार अभी तक 51 हजार मीट्रिक टन उर्वरक ही सोसायटियों तक पहुंचा पायी है, जो कुल जरूरत के हिसाब से ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री है जो राष्ट्र की उत्पादकता को कम करने पर तुले हुए हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री कह रहे कि वर्क फ्रॉम होम करिए, काम पर मत जाइए, पीएम के इस सलाह से फील्ड में काम करने वाले, गली कूचे में घूमकर सामान बेचने वाले, फेरी लगाने वाले क्या करेंगे? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कह रहे तेल मत खाओ, जबकि मोदी राज में किचन का बजट बिगड़ा हुआ है। खाद्य सामग्री के दाम इतने बढ़े हुए है कि तेल क्या गृहणियां हर चीज के बजट में कटौती कर रही है। प्रेस वार्ता में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया , पूर्व विधायक श्याम लाल कंवर, जिलाध्यक्ष द्वय मुकेश राठौर, मनोज चौहान, श्याम सुंदर सोनी, अर्चना उपाध्याय, कुसुम द्विवेदी , सपना चौहान सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
मोदी राज में सोना 5 गुना महंगा
श्री अग्रवाल ने कहा कि 2013 में जब देश में कांग्रेस की सरकार थी, तब भारत में सोने की कीमत 28500 से 29600 रू. प्रति 10 ग्राम था। आज 2026 में सोने का भाव 158000 रू. प्रति 10 ग्राम है। 12 सालों में मोदी राज महंगाई बेतहाशा बढ़ने का अंदाजा सोने की कीमत से लगाया जा सकता है कि सोना 5 गुना महंगा हुआ है। देश की महिलाओं के मंगलसूत्र छीनने का डर दिखाने वाले मोदी ने देश की महिलाओं के मंगलसूत्र नन्हीं अंगूठी, मांगटीका, हार, सोने की चौन सब छीनना चाह रहे हैं। उन्होंने ने कहा कि मोदी जब से प्रधानमंत्री बने है उन्होने 70 देशों के विदेश यात्रा पर लगभग 815 करोड़ रु. खर्चा किया है तथा 300 से अधिक दिन विदेशों में बिताया है, उनका निजी विमान जिसमें वे चलते है उसकी कीमत 8400 करोड़ रू. है। आज से वे फिर विदेश यात्रा पर है।

मोदी राज में पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़े
श्री अग्रवाल ने कहा कि मोदी सरकार बनने के बाद पेट्रोल के दाम 70 रु. प्रति लीटर से बढ़कर 100 रु. प्रति लीटर के पार हो गए हैं जबकि डीजल के दाम 55 रु. प्रति लीटर से बढ़कर 93.40 रु. प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गए हैं। छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में हफ्तों से डीजल, पेट्रोल की कमी से जनता जूझ रही। कमर्शियल गैस नहीं मिलने के कारण राज्य के अधिकांश स्टील उद्योग एवं छोटे बड़े व्यापार बंद हो रहे हैं।
भाजपा सरकार बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को नियंत्रित करने में असफल और नाकाम रही है। अभी हाल ही में देश भर में हुई सर्वे में एक बात सामने आई है कि मोदी सरकार की गलत नीतियों, रोजगार देने में असफलता, पेट्रोल, डीजल में मनमाना एक्साइज ड्युटी, रेल यात्रा का महंगा होना, सड़कों पर टोल टैक्स के दरों में वृद्धि एवं आवश्यक वस्तुओं पर भी लगाई गई जीएसटी के चलते आम लोगों के आय एवं बचत घटी है मुखिया को घर चलाने के लिए घर की आवश्यकताओं को पूर्ति करने के लिए 77 प्रतिशत तक ऋण लेने पडे हैं, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार को कोई वास्ता नहीं ।
राज्य में सरकार का नहीं दिखता विकास
श्री अग्रवाल ने कहा कि राज्य में सरकार का कोई विकास नजर नहीं आता। सरकार के पास फंड ही नहीं है। केवल दिखावा किया जा रहा है। बढ़े हुए बिजली दर को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन काल में चार सौ यूनिट तक बिजली बिल हॉफ की गई थी। जिसे भाजपा ने सत्ता में आते हुए बंद कर दिया। फिर इसे 100 और अब 200 यूनिट करने की बात कह रहे है। यह छूट भी मिल रही है या नहीं पता नहीं। पूरे प्रदेश में वसूली की जा रही है। भाजपा राज में लगातार पेपर में हो रहे हैं। कांग्रेस शासन काल के दौरान विपक्षी पीएससी घोटाला का राग अलापते थे। जो दोषी था उसे जेल भेजा गया। हमारे किसी मंत्री विधायक ने इसमें कोई आपत्ति नहीं की। भाजपा राज में जिस तरह से पेपर लीक हो रहा है उसमें बड़े लोगों का हाथ है। यह बिना सत्ता के संरक्षण के नहीं हो सकता। जिले में अवैध वसूली हो रही है। यह बात उनके ही दल के समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष उठा चुके है। अफसरशाही पूरी तरह से हावी है। उन्होंने कमीशन का केंद्र बिंदु कोहड़िया को बताया। श्री अग्रवाल ने कहा कि ढाई साल में सरकार की कोई उपलब्धी नहीं है। प्रदेश का ऐसा कोई बाजार नहीं है जिसे बाउण्ड्रीवाल से घेरा गया हो। कोरबा का बुधवारी बाजार ही इसका एकमात्र नमूना है। कांग्रेस सरकार की गोठान, आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय सहित तमाम जनहितैषी योजनाओं का भाजपा सरकार ने बंटाधार कर दिया है। केंद्र में भी भाजपा की सरकार है इसके बाद भी जिले में नल जल योजना का काम सुस्त है।
