रामसागरपारा से निकला आरएसएस का पथ संचलन / स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा, घोष दल के साथ किया नगर भ्रमण

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से विजयादशमी उत्सव के अवसर पर रामसागरपारा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित कर पथ संचलन निकाला गया। इकाई स्तर के स्वयंसेवक गणवेश में संचलन में शामिल हुए। घोष दल के साथ निकले पथ संचलन ने रामसागरपारा, दलिया गोदाम, मुख्य मार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता तथा संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और श्रीगुरुजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद स्वयंसेवकों ने मातृभूमि की प्रार्थना समवेत स्वर में की। निर्धारित मार्ग से घोष दल के साथ पथ संचलन निकाला गया और तय समय में इसका समापन हुआ। समापन कार्यक्रम से पहले गौमुखी सेवाधाम देवपहरी के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष के सफर के दौरान आए विभिन्न उतार-चढ़ाव और वर्तमान स्थिति पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि संघ की पहचान अनुशासित संगठन के रूप में बनी है। आपातकाल सहित विभिन्न परिस्थितियों में संघ के सदस्यों द्वारा समाज सेवा के कार्य किए गए हैं। उन्होंने संगठन की सामाजिक भूमिका और सेवा कार्यों का उल्लेख किया। कार्यक्रम में उप नगर संघचालक, नगर कार्यवाह सहित स्वयंसेवक व क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!