Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

आवारा कुत्तों का आतंक: 5 साल के मासूम को नोच-नोच कर मार डाला; सिर, गले और प्राइवेट पार्ट पर गहरी चोटें, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

कोरबा में दर्दनाक हादसा

कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दादर में आवारा कुत्तों के हमले में 5 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

घर लौटते समय हुआ हमला

मृतक की पहचान प्रकाश पटेल (5 वर्ष) के रूप में हुई है। वह किशोर पटेल का पुत्र था और पहली कक्षा का छात्र था। परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का निवासी है तथा वर्तमान में ग्राम दादर में मजदूरी कर जीवन-यापन करता है।परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4 बजे प्रकाश अपने पिता से मिलने मजदूरी स्थल पहुंचा था। कुछ देर बाद वह अकेले घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया।

पिता पहुंचे तो गंभीर रूप से घायल था बच्चा

बच्चे की चीख सुनकर उसके पिता मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाया। हमले में बच्चे के सिर, गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई थीं। परिजन तत्काल उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद ग्राम दादर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और पहले भी राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा बुजुर्गों पर हमले हो चुके हैं। कई शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी संख्या नियंत्रित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!