Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

कोरबाथाना कोतवाली क्षेत्र के पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर अंतर्गत मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में हुई चोरी की दो वारदातों का कोरबा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया एल्यूमिनियम फ्रेम तथा वारदात में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, मिनीमाता कन्या महाविद्यालय की इमारत में अज्ञात आरोपियों ने प्रवेश कर पुरानी इस्तेमाल की हुई एल्यूमिनियम खिड़कियों को चोरी कर लिया था। दोनों घटनाओं के संबंध में अपराध क्रमांक 685/2026 एवं 687/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। विवेचना में तीनों आरोपियों की दोनों चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में सागर कश्यप (22), निवासी मुड़ापार महंत मोहल्ला, आकाश उरांव उर्फ टब्बरी (21), निवासी मुड़ापार साहू मोहल्ला और ईश्वर बंजारे (21), निवासी रामनगर दुर्गा पंडाल के पास को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया एल्यूमिनियम फ्रेम और घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया गया। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305(1), 3(5) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

मुखबिर की सूचना से खुला चोरी का राज

मिनीमाता कन्या महाविद्यालय जैसी शैक्षणिक संस्था को निशाना बनाकर की गई चोरी के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस की जांच में मुखबिर सूचना अहम कड़ी साबित हुई, जिसके आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई और पूछताछ के बाद चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया।

कोरबा पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा चोरी का सामान बिक्री के लिए रखा गया हो या कोई व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में चोरी के सामान के साथ दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान आवश्यकतानुसार गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!