Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

WhatsApp पर आया APK File तो संभल जाना! एक क्लिक में बैंक अकाउंट साफ, मोबाइल पर साइबर ठगों का कब्जा!

Digital desk ( mediasession.in) | WhatsApp पर आने वाले Wedding Card, e-Challan, बिजली बिल, KYC अपडेट या सरकारी योजना से जुड़े मैसेज को लेकर सावधान रहने की जरूरत है। साइबर अपराधी अब APK फाइल के जरिए मोबाइल यूजर्स को निशाना बना रहे हैं। देखने में सामान्य लगने वाली इन फाइलों को इंस्टॉल करने के बाद मालवेयर मोबाइल की संवेदनशील सुविधाओं तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकता है।

साइबर अपराधियों की ओर से भेजी जाने वाली APK फाइलों के नाम भी सामान्य रखे जाते हैं, ताकि यूजर को शक न हो। कई मामलों में Wedding Invitation, Wedding Card, RTO Challan या अन्य सेवाओं के नाम पर फाइल भेजी जाती है।

परिचित के नंबर से भी आ सकता है मैसेज

साइबर ठग केवल अनजान नंबरों का इस्तेमाल नहीं करते। कई मामलों में पहले से हैक किए गए WhatsApp अकाउंट से भी मैसेज भेजे जा सकते हैं। ऐसे में सामने वाले व्यक्ति को लगता है कि फाइल किसी परिचित ने भेजी है।

शादी के निमंत्रण के नाम पर भेजी गई APK को खोलने के बाद यूजर से ऐप इंस्टॉल करने के लिए कहा जाता है। इसी तरह RTO चालान या बिजली बिल के नाम पर जल्द कार्रवाई करने का दबाव बनाया जा सकता है।

OTP और बैंकिंग जानकारी पर नजर

कुछ Android मालवेयर SMS और नोटिफिकेशन तक पहुंच बनाने की कोशिश करते हैं। इससे बैंक या अन्य सेवाओं से आने वाले OTP और संवेदनशील संदेशों को चोरी करने का खतरा रहता है।

इसके अलावा फर्जी स्क्रीन दिखाकर यूजर से कार्ड नंबर, CVV, नेट बैंकिंग जानकारी या अन्य निजी जानकारी भी मांगी जा सकती है। इसलिए किसी अनजान या संदिग्ध ऐप में बैंकिंग जानकारी, OTP या UPI PIN दर्ज नहीं करना चाहिए।

संक्रमित मोबाइल से दूसरे लोगों तक भी पहुंच सकता है खतरा

भारत में साइबर फ्रॉड के लाखों मामलेकुछ मालवेयर संक्रमित मोबाइल के WhatsApp नोटिफिकेशन और कॉन्टैक्ट्स का इस्तेमाल करके दूसरे लोगों तक भी संदिग्ध मैसेज पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं।

भारत में साइबर फ्रॉड के लाखों मामले

संसदीय समिति के समक्ष रखे गए आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2019 से 2024 के बीच National Cyber Crime Reporting Portal पर साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ी 53.93 लाख शिकायतें दर्ज की गईं। इसी अवधि में करीब 1.30 लाख मामलों में FIR दर्ज होने की जानकारी सामने आई।

हालांकि, ये आंकड़े सभी प्रकार के साइबर अपराधों से जुड़े हैं। इन्हें केवल WhatsApp APK से हुई ठगी के मामलों की संख्या नहीं माना जा सकता।

छत्तीसगढ़ में 107 करोड़ रुपये से ज्यादा के नुकसान की जानकारी

छत्तीसगढ़ में भी साइबर फ्रॉड से जुड़े मामले सामने आते रहे हैं। राज्य सरकार की ओर से विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार जनवरी 2024 से जून 2025 के बीच साइबर फ्रॉड से जुड़े मामलों में 107.03 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की जानकारी सामने आई।

इस अवधि में 1,301 साइबर अपराध मामले दर्ज किए गए। रायपुर में करीब 48 करोड़ रुपये के नुकसान की जानकारी सामने आई।वहीं 2023 में छत्तीसगढ़ से जुड़े 67,389 लोगों ने NCRP पर करीब 791 करोड़ रुपये की विवादित राशि से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई थीं। यह आंकड़ा भी कुल साइबर फ्रॉड से जुड़ा है, केवल APK मालवेयर से नहीं।

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत

अगर बैंक खाते से बिना अनुमति पैसा निकल गया है तो तुरंत 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर संपर्क करें। साथ ही बैंक को जानकारी देकर संबंधित खाते, कार्ड और डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं को सुरक्षित कराने की प्रक्रिया शुरू करें।

जल्दी शिकायत मिलने पर संबंधित संस्थाएं संदिग्ध लेनदेन पर रोक लगाने और रकम की रिकवरी की कोशिश कर सकती हैं।

इससे से बचने के लिए क्या करें ?

  • WhatsApp पर आई किसी अनजान APK को इंस्टॉल न करें।
  • Wedding Card, e-Challan या बिजली बिल के नाम पर आई APK को खोलने से बचें।
  • Unknown Sources से ऐप इंस्टॉल करने की अनुमति बंद रखें।
  • अनजान ऐप को Accessibility, SMS या VPN जैसी संवेदनशील परमिशन न दें।
  • किसी संदिग्ध ऐप में OTP, UPI PIN या बैंकिंग पासवर्ड दर्ज न करें।
  • सरकारी सेवाओं की जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से जांचें।
  • WhatsApp के Linked Devices की नियमित जांच करें।
  • बैंक खाते से पैसा निकलने पर तुरंत बैंक और 1930 पर शिकायत करें।

साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में WhatsApp पर आई किसी भी APK फाइल को बिना जांचे इंस्टॉल करना भारी पड़ सकता है। थोड़ी सी सावधानी आपके मोबाइल, निजी जानकारी और बैंक खाते को सुरक्षित रखने में मदद कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!