
ऊर्जाधानी कोरबा में शुक्रवार को तीन दिवसीय राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। ‘योगासना भारत’ के तत्वावधान एवं ‘छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन’ के अंतर्गत यह प्रतियोगिता 18 से 20 सितंबर 2026 तक जूनियर क्लब, सीएसईबी निहारिका, कोरबा में आयोजित की जा रही है।

प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 26 जिलों से चयनित प्रतिभावान खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ी योगासन के विभिन्न प्रदर्शन के माध्यम से संतुलन, लचीलापन, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों के साथ कोच, टीम मैनेजर और निर्णायक भी प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं।
आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की व्यवस्था की है। निर्णायक मंडल द्वारा खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य योगासन को खेल के रूप में बढ़ावा देना तथा प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं को राज्य स्तरीय मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मेजर सिंह, टेक्निकल डोमेन्द्र देवांगन, दुर्गेश राठौर, सुनील अग्रवाल, इंद्रनारायण जायसवाल, राकेश साहू, सचिन विश्वकर्मा, विनोद रत्नाकर, राहुल खरे, सनत रायल, विंद्रा चौहान, दुर्गेश तिवारी और विनीता दीक्षित सहित राज्य व जिला स्तर केंद्र पदाधिकारी मौजूद रहे।
आयोजन समिति ने खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों से प्रतियोगिता में सहभागिता कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।






