Home / कोरबा / सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत बालको पुलिस की नई पहल, 300 ग्रामीण बने ग्राम रक्षा समिति सदस्य

सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत बालको पुलिस की नई पहल, 300 ग्रामीण बने ग्राम रक्षा समिति सदस्य

कोरबा। ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से बालको नगर पुलिस ने अभिनव पहल करते हुए ग्राम रक्षा समितियों का गठन किया है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में करीब 300 महिला एवं पुरुषों को ग्राम रक्षा समिति का सदस्य बनाया गया।

बिलासपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी मार्गदर्शन में थाना स्तर पर लगातार जनसहभागिता आधारित अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना बालको नगर क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सक्रिय नागरिकों को जोड़कर ग्राम रक्षा समितियों का गठन किया गया।

11 मई 2026 को थाना बालको के मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, थाना प्रभारी युवराज तिवारी, क्षेत्रीय पार्षदों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को परिचय पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने समिति सदस्यों को गांवों में होने वाले अपराध, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ग्राम रक्षा समितियों के गठन से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस को स्थानीय स्तर पर त्वरित सूचनाएं मिल सकेंगी, जिससे अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी। इसके साथ ही पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास एवं समन्वय भी मजबूत होगा।

बालको पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आगे भी जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि जिले में सामाजिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *